31 दिसंबर, 2012

कुंभ: जीवन को उन्नति देंगे शनि और राहु

कुंभ: जीवन को उन्नति देंगे शनि और राहु

पं. केवल आनंद जोशी।।

कुंभ ( Aquarius)
(नामाक्षरः गु, गे, गो, स, सी, सू, से, सो, द)


वर्ष 2013 में सारे साल मूल त्रिकोण राशि का शनि और राहु आपके भाग्यस्थान में संचार करते हुए और जीवन को उन्नति देते हुए बौद्धिक संसर्ग को बढ़ाने में सक्रिय रहेंगे। राशि स्वामी शनि जनवरी से जुलाई तक नवम स्थान में रहकर अपने उत्तम फल प्रदान करेगा। 31 मई से वर्ष के अन्त तक बृहस्पति पंचम स्थान में रहकर आपके कारोबार, आजीविका, दाम्पत्य और गृहस्थ जीवन को अच्छे फलों से प्रभावित करेगा। बृहस्पति का संचार लगभग पूरे वर्ष आपके लिए मददगार और अरिष्ट नाशक सिद्ध होगा। शनि की कृपा से कुंभ जातक आजीवन लाभान्वित होते हैं। लेकिन शनि देव संघर्षशील जीवन के भी कारक हैं। सब कुछ ठीक-ठाक चलते हुए भी कभी-कभी ऐसा महसूस होगा कि कहीं पर गड़बड़ हो रही है। वफादारों के बीच में कुछ ऐसे भी लोग शामिल होते हैं, जो भीतराघात करके अचानक आक्रमण करते हैं। ऐसी स्थिति में भी आप कभी-कभी पड़ सकते हैं। लेकिन आपकी सूझ-बूझ, शान्ति एवं धैर्य रखने की शक्ति से सभी झंझट एक-एक करके समाप्त होते रहते हैं। कुंभ जातकों को प्रभावशाली व्यक्तियों, सिद्ध पुरुषों और सन्त-महात्माओं आदि का आशीर्वाद मिलता रहता है। ऐसे ही अनेक अवसर इस साल जनवरी से मार्च के बीच में आपको मिलेंगे। आपका मनोबल बढ़ेगा। जीवन में आने वाली आंधी और तूफान आपके लिए एक चुनौती न होकर रोजमर्रा की बात हो सकती है। इन सबके बीच से सही-सलामत बाहर निकलने में शनि महाराज का विशेष योगदान आपको वर्ष 2013 के पूर्वार्ध में अवश्य मिलेगा।

इस साल जब शनि अपनी नीच राशि पर दृष्टिपात करेगा, तो आपके पारिवारिक जीवन पर भी असर पड़ सकता है। कुछ जातकों को दाम्पत्य जीवन में परेशानी आ सकती है। लेकिन यह सब एक दैवी संयोग होगा कि जुलाई और अगस्त तक सब कुछ एक तरफ हट जाएगा। वर्ष के अन्तिम दो-तीन महीने बृहस्पति के प्रभाव से बेहतरीन सिद्ध होंगे। उच्च शिक्षा प्राप्त तकनीकी एवं गैर तकनीकी ज्ञान और अनुभव से युक्त जातकों के लिए अन्तरराष्ट्रीय स्तर के अवसर मिल सकते हैं। यदि सरकारी या प्राइवेट सेक्टर में आजीविका कर रहे हैं, तो पदोन्नति के अवसर भी जरूर ही आपकी आमदनी में वृद्धि कर सकते हैं। जिन जातकों को परिवार एवं सन्तान पक्ष से लगातार हानि हो रही है, उनकी स्थिति में भी वर्ष के अन्त तक मनोवांछित सुधार होने की उम्मीद है। यदि आप सन्तुलित जीवन की कामना करते हैं, तो उसे अपनाने के लिए अपनी आदतों में भी फेर-बदल करना होगा। सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े कुंभ जातक इस साल उच्च स्तर के अनुबन्ध और कार्यक्षेत्र में अपनी धाक जमा सकते हैं। यदि आप राष्ट्रीय स्तर की गतिविधियों में भी शामिल हो रहे हैं, तो आपको सभी नवग्रहों का शुभ प्रभाव देखने में मिलेगा। राजनीति और शासन सत्ता से जुड़े कुंभ जातक इस साल और भी बड़े पद पर सुशोभित हो सकते हैं। किशोर एवं युवा कुंभ जातकों को नियमित रूप से परिश्रम करने की वृत्ति को अपनाना होगा। अपव्यय और कुसंगति से बचना होगा। मान-सम्मान एवं जरूरत की आपूर्ति के लिए आप छोटे से छोटा कार्य भी जारी रखेंगे तो आपकी नाव अवश्य ही पार लग जाएगी। दाम्पत्य जीवन में सभी कुंभ जातक खरे नहीं उतरते हैं। इसके लिए मूंगा-माणिक या पुखराज धारण करने की सलाह दी जाती है। शनि यंत्र का नियमित पूजन करना भी सभी के लिए लाभप्रद सिद्ध होगा। महिलाओं के लिए यह साल दोहरे काम से लाभ देने में समर्थ है। घर-परिवार की सुरक्षा के अलावा कार्यक्षेत्र में भी आपका वर्चस्व कायम होगा। अधिकार और प्रतिष्ठा का पद मिलेगा। अनेक लोगों को नियंत्रित करने की शक्ति भी आपके अन्दर प्रवेश करेगी। धन का संचय भी होगा और जमीन-जायदाद में भी कुंभ जातक निवेश कर सकेंगे।

अनेक कुंभ जातकों को नफे-नुकसान के दायरे से बाहर हट कर काम करना होगा। चूंकि शनि महाराज आने वाले दो तीन वर्षों तक अपनी या आपकी कर्म राशि में जाएंगे, तो उन लोगों पर भारी पड़ेंगे जो पहले से ही चारों तरफ से दबे हुए हैं। शनि यंत्र और नवग्रह यंत्र की स्थापना करके प्रतिदिन जौं और तिल से शनि का अभिषेक करें। तेल और मोटे अनाज का दान करें। नीलम धारण करने से भी राहत मिलेगी। लेकिन रत्न का पूर्व परीक्षण और धारण करने की विधि सही होनी चाहिए।


महीने वार भविष्यफल
जनवरी:
इस महीने का संपूर्ण भाग शक्तिशाली गोचर से युक्त है। देश-विदेश की यात्रा या संपर्कों के माध्यम से आजीविका एवं व्यापार में उन्नति पाएंगे। समतुल्य लोगों में साख बढ़ेगी। किसी नए काम की प्रेरणा से धन और समय का निवेश भी सुनिश्चित होगा। व्यय भाव में कमजोर सूर्य की स्थिति से आप आलस्य एवं दरिद्रता के शिकार होंगे। परिवार के बीच अनावश्यक झगड़े से खिन्नता होगी। इसी कारण धन की आवक भी समय पर नहीं हो पाएगी।

फरवरी: इस महीने के शुरू में मन, कर्म और वचन से कार्यरत रहने पर महत्वाकांक्षाओं की भूमिका बनाने में सक्षम होगा। कुछ जातकों को हल्का-फुल्का नुकसान या पथ्य-परहेज न करने के कारण स्वास्थ्य विकार हो सकता है। पर अल्पकालीन कष्टों के साथ-साथ दीर्घकालीन सुख-सुविधाएं इस महीने सभी कुंभ जातकों को प्राप्त होंगी। बौद्धिक प्रयासों में सफलता और श्रेय मिलेगा। बुरे से बुरा व्यक्ति भी सतर्कता के कारण आपको नुकसान नहीं पहुंचा पाएगा। शासन सत्ता से जुड़े लोगों व चुगलखोरों से अलग रहने की चेष्टा करें।

मार्च: इस महीने के शुरू के दिन सोच-विचारों और सभा-समारोहों की आवाजाही में बीतेंगे। कुछ जातकों को स्वदेश या परदेश की यात्रा भी अपने कार्यक्रम में शामिल करनी पड़ेगी। बौद्धिक स्तर के मकर राशि के जातकों के लिए यह महीना विशेष प्रेरणाप्रद और उत्साहजनक रहेगा। नए-नए विषयों पर आपके विचार आमंत्रित होंगे। मनोरंजन एवं व्यावसायिक कार्यक्रमों में लाभदायक उपलब्धियां मिलेंगी। महीने के मध्य में सूर्य कुटुंब स्थान में प्रवेश करेगा। उच्चाधिकारियों का सहयोग मिलेगा। मनपसंद की जगहों पर नियुक्ति होगी।

अप्रैल: इस महीने के शुरुआती दिन पर्याप्त शुभ गोचर से संपूरित हैं। व्यापारिक जीवन में आश्चर्यजनक उपलब्धियां मिलेंगी। सत्य और न्याय के प्रति आपकी प्रतिबद्धता बनी रहेगी। गलत आचरण एवं भ्रष्टाचार से लड़ने की शक्ति बढ़ेगी। किसी महत्वपूर्ण विवाद में घिरे रहने के बावजूद लोग आपकी निष्ठा पर संदेह नहीं व्यक्त कर पाएंगे। यदि आप पुलिस, सेना, सुरक्षा संबंधी कार्यों या निजी संस्थानों के प्रशासन एवं प्रबंध कार्यों से जुड़े हैं तो प्रतिस्पर्धा के क्षेत्र में आपका मूल्यांकन बढ़-चढ़ कर होगा। आप पुरस्कृत भी हो सकते हैं।

मई: इस मास का पूर्वार्ध विभिन्न क्षेत्रों में आपकी सफलताओं को संपादित करेगा। यदि आप अंतरराष्ट्रीय मामलों में रुचि रखें, तो किसी दूर देश का काम-काज या कारोबार भी आपके कार्यक्षेत्र से जुड़ सकता है। इस महीने का पूर्वार्ध अत्यंत लाभदायक और अवसरों की तलाश में रहने वाले जातकों के लिए सफलतासूचक है। अत: तन-मन से जुट जाने पर आप जटिल से जटिल समस्या को भी सुलझा सकने में कामयाब होंगे। इस महीने का उत्तरार्ध कुछ विलंब और अवरोधजनक है। अत: समय की धारा को परखते हुए व्यग्रता व उत्तेजना से बचें।

जून: इस मास के प्रथम दो सप्ताह के दौरान चौथा सूर्य शारीरिक एवं मानसिक पीड़ा दे सकता है। आपके काम-काज और कार्यशैली को एक झटका जैसा लग सकता है। जिनके प्रति आप सदैव उदार रहे हैं, वे ही लोग आपके प्रतिपक्ष में रहकर सिर दर्द का कारण बनेंगे। इस महीने का उत्तरार्ध भी काफी हद तक नकारात्मक परिणामों का सूचक है। ऐसे समय में शारीरिक व मानसिक तनाव दूर करने के लिए जोखिमपूर्ण कार्यों से बचना हितकर होगा। आर्थिक कष्टों के निपटारे में सट्टे व गलत योजना में शामिल होना खतरनाक होगा।

जुलाई: इस महीने का पूर्वार्ध अनेक प्रकार के बदलावों का सूचक होगा। घर, दफ्तर या कार्यक्षेत्र का स्वरूप एवं साजो-सामान बदलेगा। आजीविका संलग्न जातकों का स्थानांतरण या प्रवास भी संभव है। अनेक जातक अपने पुराने माहौल को त्याग कर नए वातावरण में प्रवेश करने की भरसक चेष्टा करेंगे। महीने के उत्तरार्ध में आर्थिक नियोजनों में दिलचस्पी रहेगी। पूर्व समय में किए गए जमा-पूंजी के लाभ इस दौरान मिल सकते हैं। कुछ हद तक पारिवारिक असंतुलन और आर्थिक व्यय का दबाव चिंतित रखेगा।

अगस्त: इस महीने के पूर्वार्ध तक अशुद्ध गोचर की प्रवृति कायम रहेगी। पर्याप्त धन की आवक होने के बावजूद बढ़ते खर्च से परेशान रहेंगे। भरसक चेष्टाओं के बाद भी हाथ में आता हुआ धन रुक जाएगा। मशीनरी उपकरण अथवा वाहन आदि में खराबी या मार्ग दुर्घटना का भय रहेगा। नियम-कानून के प्रसंग भी अर्थदंड दे सकते हैं। मास के अंत में एकाएक चिंताएं मिट जाएंगी। न चाहते हुए भी अवांछित लोगों से मदद लेनी पड़ सकती है। किसी नीच व्यक्ति से तकरार और बहस के कारण मन की शांति कुछ दिनों के लिए भंग होगी।

सितंबर: इस महीने का पूर्वार्ध पराक्रम में विशेष रुचि पैदा करेगा। आए दिन यात्राओं से थकान महसूस होगी, लेकिन दौड़-भाग के नतीजे कुछ देकर ही जाएंगे। हाथों-पैरों की पीड़ा से मन क्षुब्ध रह सकता है या अधीनस्थजनों से वैमनस्य पैदा हो सकता है। पर सजग और सतर्क रहने से काफी हद तक अप्रिय स्थितियां टल सकती हैं। महीने के अंत में अष्टम सूर्य आनंदवर्धक और योजनाओं में सफलता देने वाला होगा। परिस्थितियां व काम-काज में नियंत्रण। मौलिक चिंतन व लेखन का अवसर मिलेगा। धार्मिक स्थल की यात्रा हो सकती है।

अक्टूबर: इस महीने का पूर्वार्ध सुख-आराम और शांतिदायक वातावरण में गुजरेगा। वस्त्र-आभूषण और बहुमूल्य साजो-सामान की वृद्धि होगी। स्वास्थ्य और धन के मामले में आप निश्चिंत रहेंगे। मकर राशि के अनेक कर्मठ और उद्यमी महानुभाव अपनी वर्ष भर की उपलब्धियों का आकलन करके संतुष्ट रहेंगे। महीने के उत्तरार्ध में कानून और मुकदमे आदि में आपकी विजय होगी। प्रतियोगिता में सफलता से आजीविका का मामला हल हो सकता है। कुल मिलाकर वर्ष का समापन उत्साहजनक वातावरण में होगा।

नवंबर: इस मास के आरंभ में राशिपति शनि वह तमाम सुख-साधन प्रदान करता रहेगा, जो आपकी पहुंच और अधिकार क्षेत्र में आते हैं। आजीविका और नौकरी में आपका वर्चस्व कायम होगा। व्यापार में भी प्रगतिगामी अनुबंध और नए कार्यों के प्रति जिज्ञासा फलीभूत होगी। सभी विचारे हुए काम समय पर पूर्ण होंगे। महीने के उत्तरार्ध में व्यापार व साझेदारी में विक्षेप पड़ेगा। आर्थिक जीवन व पार्टनर के प्रति असंतोष का म्लान रहेगा। इस दौरान कुछ भूल जाने या विस्मृति के कारण किसी महत्वपूर्ण लाभ से भी वंचित हो सकते हैं।

दिसंबर: इस महीने के पहले व दूसरे हफ्ते में कुछ सुख-शांति के बावजूद कभी-कभार धन को लेकर अटपटी स्थितियां बनेंगी। विरोधियों व शत्रुओं के पदचाप से घबराहट होगी। मशीनरी व यंत्रों के कारण रख-रखाव में धन का व्यय होगा। यात्रा के दौरान धन और समय नष्ट होने की आशंका रहेगी। इस महीने का उत्तरार्ध पर्याप्त सुधार लाएगा। परिस्थितियां बदलने में देर नहीं लगेगी। हाथ में लिए गए कार्य तेजी से पूरे हो जाएंगे। उत्तम प्रकार के वस्त्र-आभूषण और नए मकान या वाहन की प्राप्ति भी सामान्य उपलब्धियों में गिनी जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

ओम या ॐ के 10 रहस्य और चमत्कार

ओम या ॐ के 10 रहस्य और चमत्कार 1.  अनहद  नाद :  इस ध्वनि को  अनाहत  कहते हैं। अनाहत अर्थात जो किसी आहत या टकराहट से पैदा नहीं होती...